126 करोड़ रूपये की लागत से गणेश मंदिर से मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, प्रगति पेट्रोल पंप, डी.बी. मॉल से मैदामिल रोड पर गायत्री मंदिर तक बनने वाले फ्लाई ओव्हर निर्माण कार्य का लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने बोर्ड ऑफिस चौराहा पर भूमिपूजन किया। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग राज्य मंत्री श्री ओ.पी.एस. भदौरिया, पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा उपस्थित थे।
केन्द्रीय सड़क निधि योजना के तहत बनने वाले इस फ्लाई ओव्हर की कुल लम्बाई 2734 मीटर एवं चौड़ाई 15 मीटर है। फ्लाई ओव्हर में 15, 20, 25, 30 और 40 मीटर लम्बाई के कुल 9 स्पान है। फ्लाई ओव्हर के निर्माण से मैदामिल मार्ग से होशंगाबाद मार्ग पर जाने वाला यातायात का सीधा आवागमन सुलभ होगा, जिससे डी.बी. मॉल, बोर्ड ऑफिस, प्रगति पेट्रोल पंप एवं मानसरोवर चौराहों पर यातायात का दवाब कम होगा और शहर का आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। इस फ्लाई ओव्हर का एक रास्ता डी.बी. मॉल चौराहे से भोपाल हॉट की ओर जायेगा, जिससे जेल मार्ग की ओर यातायात सुगम होगा।
फ्लाई ओव्हर के दोनों ओर लाईट लगाई जायेगी और बीच में डिवाईडर का निर्माण एवं सौदर्यीकरण भी किया जायेगा। फ्लाई ओव्हर का निर्माण 24 माह में पूर्णं कर लिया जायेगा।




